सरिया (सारंगढ़-बिलाईगढ़)। सरिया क्षेत्र के बुदबुदा फीडर में 11 केवी बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एक संविदा कर्मी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मी की पहचान अजय कुमार ध्रुव के रूप में बताई जा रही है। हादसे के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ के एपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले लाइन बंद कराई गई थी। इसी दौरान पोल पर चढ़कर कार्य कर रहे कर्मी को अचानक बिजली सप्लाई चालू हो जाने से तेज करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि वास्तव में लाइन बंद थी, तो मरम्मत के दौरान बिजली सप्लाई दोबारा कैसे चालू हुई? क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या कहीं मानवीय लापरवाही हुई? इन सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
स्थानीय लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मरम्मत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
सरिया क्षेत्र में करंट हादसे ने खड़े किए गंभीर सवाल, मरम्मत के दौरान संविदा कर्मी झुलसा