बरतुंग। ग्राम बरतुंग से हिर्री जाने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए ग्राम की समाजसेवी श्रीमती लता लक्ष्मे के सहयोग से समस्त ग्रामवासियों ने एकजुट होकर श्रमदान किया और बजरी-गिट्टी डालकर सड़क की मरम्मत का कार्य किया।

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क पर गड्ढे होने के कारण आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। विशेषकर बारिश के दिनों में राहगीरों, विद्यार्थियों और किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। समस्या के समाधान के लिए ग्रामवासियों ने स्वयं आगे आकर श्रमदान किया और श्रीमती लता लक्ष्मे के सहयोग से सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा किया।

इस जनसहयोग और सामूहिक प्रयास की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए कहा कि जब पूरा गांव एकजुट होकर कार्य करता है तो विकास के कई कार्य बिना किसी बाधा के पूरे किए जा सकते हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग भविष्य में इस मार्ग का स्थायी निर्माण भी कराएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।