Explore

Search

August 31, 2026 3:15 pm

Our Social Media:

सड़क और स्कूल भवन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना की चेतावनी  विशाल कुमार, सरपंच

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरसीवा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सरधाभाठा-बालपुर के ग्रामीणों ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में

पेंड्रावन–सरधाभाठा–बालपुर–कोसीर मार्ग के निर्माण, चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के साथ ही बालपुर में संचालित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के नए भवन निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई।


ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण रोजाना आवागमन में भारी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में सड़क पर जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी बदतर हो जाती है। सामने आई तस्वीरों में सड़क की बदहाली साफ नजर आ रही है, जिससे विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


वहीं दूसरी ओर स्कूल भवन की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। तस्वीरों में भवन की दीवारों पर बड़ी-बड़ी दरारें, उखड़ा हुआ प्लास्टर और जर्जर हालत दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे माहौल में विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों ने नए स्कूल भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।


15 अगस्त तक कार्रवाई की मांग


ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग की गई है कि दोनों महत्वपूर्ण जनहित के कार्यों पर 15 अगस्त 2026 तक सकारात्मक निर्णय लेते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।


ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो 17 अगस्त 2026 से ग्रामीण लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।


ग्रामीणों का कहना है कि यह मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, बेहतर आवागमन और विद्यार्थियों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य से जुड़ी हुई है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।


मुख्य सवाल:


क्या 15 अगस्त तक सड़क और स्कूल भवन की मांग पर प्रशासन लेगा ठोस फैसला?
या फिर 17 अगस्त से शुरू होगा ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन आंदोलन?