कथारा। के.बी. कॉलेज बेरमो की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS)



कथारा। के.बी. कॉलेज बेरमो की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा शनिवार, 08 अगस्त 2026 को स्वच्छता पखवाड़ा के अवसर पर कॉलेज परिसर से लेकर गोद गांव बोरिया तक व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोकने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संदेश देना रहा।
प्राचार्य लक्ष्मी नारायण के निर्देश एवं कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रभाकर कुमार के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने कॉलेज के विभिन्न विभागों, प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। इसके बाद अभियान गोद गांव बोरिया तक पहुंचा, जहां स्वयंसेवकों ने विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने छात्र-छात्राओं एवं कॉलेज स्टॉफ को स्वच्छता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय निदेशालय राष्ट्रीय सेवा योजना, बिहार-झारखंड तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 01 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है।
कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रभाकर कुमार ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देना तथा स्वच्छ, हरित, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
रविंद्र कुमार दास ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने और कचरे का उचित निपटान करने की आदत समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर के विभिन्न विभागों, प्रांगण तथा गोद गांव बोरिया के कई स्थानों पर सफाई की। साथ ही लोगों को कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
अभियान में स्वयंसेवक कृष दास, मो. ताजुद्दीन, सोनू कुमार शर्मा, सूरज देव साव, राजीव कुमार बाउरी, प्रकाश कुमार, हरिश्चंद्र सिंह, आंचल कुमारी सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में प्राचार्य लक्ष्मी नारायण, डॉ. प्रभाकर कुमार, डॉ. व्यास कुमार, रविंद्र कुमार दास, सदन राम, रवि यादविंधु, बालेश्वर यादव सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान के माध्यम से कॉलेज की NSS इकाई ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ परिसर और स्वच्छ गांव केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही संभव है।