कथारा। पुलिस की भूमिका को सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में कथारा ओपी थाना प्रभारी राजेश प्रजापति ने एक सराहनीय पहल की। 09 जुलाई 2026 को झिरकी क्षेत्र के बच्चों के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया।
इस दौरान बच्चों को क्रिकेट, फुटबॉल सहित अन्य खेलों से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई गई। खेल सामग्री पाकर बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। बच्चों ने खेल के प्रति अपनी रुचि जाहिर करते हुए इस पहल के लिए थाना प्रभारी का आभार व्यक्त किया।

थाना प्रभारी राजेश प्रजापति ने बच्चों से कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा नशे एवं अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की ऊर्जा को सही दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। खेल के माध्यम से बच्चों में छिपी प्रतिभा को सामने लाया जा सकता है और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी बच्चों और युवाओं के लिए इस तरह के सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
खेल सामग्री मिलने के बाद बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।