Explore

Search

August 31, 2026 1:42 pm

Our Social Media:

रायपुर : ग्राम सभाओं में 20 अगस्त को होगा ‘जनसंवाद 2.0’, ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम की दी जाएगी जानकारी

रोजगार के अधिकार, पारदर्शिता और जनभागीदारी पर केंद्रित रहेगा जनसंवाद

जांजगीर-चांपा जिले में 20 अगस्त को ग्राम सभा के दौरान ‘जनसंवाद 2.0: विकसित भारत ग्राम संकल्प’ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों, रोजगार के अधिकार, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूक करना तथा ग्राम विकास की प्रक्रिया में समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।


जनसंवाद 2.0 के अंतर्गत ग्रामवासियों से गांव की विकास

प्राथमिकताओं को जानने के लिए ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ वोटिंग वॉल आयोजित की जाएगी। वहीं रोजगार के अधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘125 दिन रोजगार-मेरा अधिकार’ शपथ दिलाई जाएगी। ग्रामीणों के सुझाव एवं विचार जानने के लिए ‘विकसित भारत संदेश कार्ड’ तथा रोजगार, मजदूरी भुगतान और शिकायत निवारण जैसे विषयों पर ‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ संवाद मंच का आयोजन किया जाएगा।


ग्राम सभा के समापन अवसर पर तिरंगे के साथ ‘मेरा गांव-मेरा संकल्प, विकसित भारत का मजबूत आधार’ का सामूहिक संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।


जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्राम सभा को ग्रामीणों की आवाज, सुझावों और विकास प्राथमिकताओं को सामने लाने वाले सहभागी मंच के रूप में सशक्त करने की पहल की जा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं उनके अधिकारों की जानकारी देने के साथ गांव के विकास से जुड़े निर्णयों में उनकी भागीदारी को और मजबूत किया जाएगा। यह पहल ग्राम स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ सहभागी एवं समावेशी ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।