Explore

Search

August 31, 2026 3:14 pm

Our Social Media:

स्कूल गेट पर ताला लगाने का मामला: उप सरपंच समेत अन्य के खिलाफ FIR

बालपुर में स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित करने का आरोप, बीईओ की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

सारंगढ़-बिलाईगढ़। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) बालपुर में विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बीईओ बिलाईगढ़ की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम पंचायत बालपुर के उप सरपंच कैलाश राय सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की सुबह उप सरपंच कैलाश राय सहित कुछ लोग विद्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाए जाने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, इससे स्कूल पहुंचे विद्यार्थी करीब आधे घंटे तक विद्यालय भवन के बाहर रहे और उनकी नियमित पढ़ाई प्रभावित हुई।

मामले में विद्यार्थियों को प्रदर्शन में शामिल करने के लिए दबाव डालने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रशासन एवं ग्राम पंचायत के सरपंच की ओर से विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन को सूचना दी गई।

बीईओ की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 126(2), 221 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आरोपों से जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

प्रशासन ने जताई सख्ती

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, निर्बाध पठन-पाठन और शांतिपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। शासकीय कार्य एवं विद्यालय की व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।