Explore

Search

October 30, 2026 1:58 pm

Our Social Media:

मॉडर्न पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल गाताडीह में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

शिक्षकों का सम्मान कर विद्यार्थियों ने जताया आभार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

गाताडीह, 5 सितंबर 2026। मॉडर्न पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल गाताडीह में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विद्यार्थियों एवं स्कूल प्रबंधन द्वारा श्रीफल, गुलदस्ता, पेन एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया। इसके पश्चात सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मिलकर केक काटकर शिक्षक दिवस सेलिब्रेट किया।

शिक्षकों को बताया जीवन का सच्चा मार्गदर्शक

कार्यक्रम के दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन में सही दिशा दिखाने और बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा भी देते हैं। शिक्षक हमारे जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं।

छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह की अगली कड़ी में छात्राओं द्वारा विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

वहीं विद्यालय में हाल ही में आयोजित F.A.-1 परीक्षा, राखी मेकिंग एवं मटकी-फोड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूल प्रबंधन द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।

मटकी-फोड़ में शिक्षकों ने भी दिखाया उत्साह

शिक्षक दिवस समारोह को और खास बनाते हुए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी मटकी-फोड़ कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षकों की टीम ने प्रतियोगिता में विजेता बनकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।

विद्यालय के डायरेक्टर श्री देवनारायण कर्ष द्वारा विजेता शिक्षकों को ₹7,200 की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्टूडेंट यूनियन की टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की स्टूडेंट यूनियन के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। इनमें प्रेसिडेंट प्रेरणा साहू (कक्षा 12वीं), वाइस प्रेसिडेंट रितु साहू (कक्षा 11वीं), डिसिप्लिन हेड भूमिका साहू (कक्षा 12वीं), स्पोर्ट्स बॉयज हेड सुज्ञान प्रधान (कक्षा 11वीं), गर्ल्स स्पोर्ट्स हेड मीना साहू (कक्षा 12वीं) एवं कल्चरल हेड ओंकेश्वरी साहू (कक्षा 11वीं) की विशेष भूमिका रही।

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और खुशी का माहौल बना रहा।