पीएससी परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप
सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़ में आयोजित कांग्रेस की प्रेसवार्ता में केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को लेकर कांग्रेस नेताओं ने तीखे सवाल उठाए। कांग्रेस ने भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं उनके 25 वर्ष के राजनीतिक कार्यकाल को सेवा और समर्पण के रूप में मनाए जाने पर सवाल खड़े करते हुए इसे जनता के साथ क्रूर मजाक बताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को सेवा संकल्प के रूप में मनाने के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस और किसान दगा दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता से किए गए कई वादों को पूरा नहीं किया है।
महंगाई, रोजगार और सरकारी योजनाओं को लेकर उठाए सवाल
प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 100 दिनों में महंगाई कम करने, हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने, हर घर तक नल पहुंचाने और प्रत्येक व्यक्ति को पक्का मकान देने जैसे वादे किए थे, लेकिन इन वादों का अपेक्षित लाभ जनता को नहीं मिला। कांग्रेस ने नोटबंदी, जीएसटी और काले धन से जुड़े मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को घेरा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों से आम जनता, किसान और युवा वर्ग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने भाजपा के ‘सेवा और समर्पण’ अभियान पर सवाल उठाते हुए सरकार से अपने वादों का हिसाब देने की मांग की।
पीएससी परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप, युवाओं के हित में सुधार की मांग
प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षाओं को लेकर भी कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि एक ही प्रश्न के सही और गलत उत्तर देने वाले अभ्यर्थियों को समान अंक दिए गए, जबकि कुछ मामलों में गलत उत्तर देने वाले अभ्यर्थियों को अधिक अंक मिलने की बात सामने आई है।
कांग्रेस ने पीएससी से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों की शिकायतों का निष्पक्ष निराकरण करने की मांग की। साथ ही साक्षात्कार में 1:3 के नियम का पालन करने की बात कही।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने यूपीएससी की तर्ज पर पीएससी परीक्षा आयोजित करने का वादा किया था, लेकिन पिछले दो वर्षों में परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के आरोप सामने आए हैं। वर्ष 2024 की मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी अनियमितता का आरोप लगाते हुए युवाओं के भविष्य के प्रति जवाबदेही तय करने की मांग की गई।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक उत्तरी जांगड़े, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय दुबे, सूरज तिवारी, गनपत जांगड़े, महामंत्री नीतिश बंजारे, नगरपालिका उपाध्यक्ष रामनाथ सिदार, रविंद्र नंदे, राधेश्याम जायसवाल, रमेश खुंटे, किशोर निराला, सतीश श्रीवास, राजू यादव सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता उपस्थित रहे।