
सारंगढ़-बिलाईगढ़ को मिले नए कप्तान: IPS सुनील शर्मा ने संभाली जिले की कमान, कानून व्यवस्था होगी और मजबूत
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 जुलाई 2026। जिले को नए पुलिस अधीक्षक के रूप में वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री सुनील शर्मा का नेतृत्व मिला है। उन्होंने विधिवत पदभार ग्रहण कर जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल ली है।
श्री सुनील शर्मा अपनी ईमानदार कार्यशैली, अनुशासित प्रशासन और प्रभावी पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले वे सुकमा और सरगुजा जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। साथ ही पुलिस मुख्यालय रायपुर में एआईजी (AIG) तथा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के एडीसी (ADC) के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं।
पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय, एसडीओपी सारंगढ़ श्रीमती स्नेहिल साहू, एसडीओपी बिलाईगढ़ श्री विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नवपदस्थ एसपी ने जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई, महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाने को अपनी प्राथमिकता बताया। जिलेवासियों को उनसे निष्पक्ष, संवेदनशील और प्रभावी पुलिस व्यवस्था की उम्मीद है।