सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला के माधोपाली स्थित लात नाला में हुए दर्दनाक हादसे का बुधवार को दुखद अंत हो गया। लगातार तीन दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल के शव कार सहित नाले से बरामद कर लिए गए। प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम लगातार तलाश अभियान में जुटी हुई थी।


जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के दौरान दंपती अपनी कार से घर लौट रहे थे। माधोपाली-बांधापाली के बीच स्थित लात नाला पार करते समय तेज बहाव में उनकी कार बह गई थी। घटना के बाद से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन तेज धारा और खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

बुधवार को संयुक्त रेस्क्यू टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद कार का पता लगाया और वाहन सहित दोनों शवों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जन खबर छत्तीसगढ़ की ओर से दिवंगत दंपती को भावभीनी श्रद्धांजलि एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना।