छत्तीसगढ़। राजस्व पटवारियों की हड़ताल को लेकर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। लंबे समय से जारी आंदोलन के बीच प्रशासन ने हड़ताल पर गए पटवारियों को तत्काल अपने कर्तव्यों पर लौटने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही आदेश का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय पर काम पर उपस्थित नहीं होने वाले पटवारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ब्रेक इन सर्विस (सेवा में व्यवधान) की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इधर, अपनी लंबित मांगों को लेकर पटवारी संघ आंदोलन पर अड़ा हुआ है। पटवारियों का कहना है कि उनकी समस्याओं और मांगों का निराकरण किया जाना चाहिए। वहीं प्रशासन ने शासकीय कार्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए कर्मचारियों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद पटवारी संघ और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनने की संभावना है। अब देखना होगा कि प्रशासन की सख्ती के बाद पटवारी अपना आंदोलन समाप्त करते हैं या अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखते हैं।
जन खबर छत्तीसगढ़