
कोसीर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घायल युवक के सिर, हाथ और पैर में आई चोट
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कोसीर थाना क्षेत्र के ग्राम कोसीर में चखना दुकान में शराब के पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक के साथ कथित तौर पर डंडे, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, जिससे युवक घायल हो गया। मामले में कोसीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार घटना 27 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। ग्राम कोसीर निवासी लखन लहरे अपने दोस्त मनोज कुमार सुमन के साथ जितेंद्र महिलाने की चखना दुकान पर गया था। वहां राकेश टंडन, राजकुमार टंडन एवं श्यामलाल कोसले पहले से मौजूद थे। इसी दौरान शराब के पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया गया कि विवाद के दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर मामला और बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद जितेंद्र महिलाने ने डंडे तथा शिवनंदन महिलाने ने लोहे की रॉड से मनोज कुमार सुमन के साथ मारपीट की, जबकि प्रकाश बंजारे पर भी हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का आरोप है। मारपीट में मनोज के सिर, हाथ और पैर में चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
3 आरोपियों पर मामला दर्ज
घटना की शिकायत पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 121/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 110, 296, 115(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—
1. जितेंद्र महिलाने
2. शिवनंदन महिलाने
3. प्रकाश बंजारे
को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की है।
एसपी के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (IPS) के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोसीर सुनीता नाग बंजारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस की आमजन से अपील
कोसीर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस की सहायता लें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।